Zika Virus: एडीज मच्छरों से फैलने वाला वायरस जीका एक बार फिर चर्चा में आ गया है। दरअसल, भारत के महाराष्ट्र राज्य में 2024 में जीका वायरस के करीब 140 केस सामने आए। यह रिपोर्ट विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) द्वारा जारी की गई है। 2021 के बाद इन मामलों में तेजी देखी गई है, जो वाकई चिंता का विषय है। हालांकि, महाराष्ट्र में पहले भी जीका के कई केस देखने को मिले थे, लेकिन बढ़ती मरीजों की संख्या यह बताने के लिए काफी है कि हमें कितना जागरुक रहने की जरूरत है।
महाराष्ट्र में जीका वायरस का प्रकोप
बता दें कि साल 2021 में जीका वायरस का सिर्फ एक मामला देखा गया था, जबकि 2022 में तीन और 2023 में 18 थे। ऐसे में 2024 में अचानक से 140 केस देखे गए, जो वाकई हैरान करने वाला है। महाराष्ट्र ही नहीं, कर्नाटक में भी 2024 में इस वायरस से पीड़ित लोगों का रिकॉर्ड दर्ज किया गया, जो टोटल 10 मामले थे। जबकि गुजरात में एक केस रिपोर्ट हुआ।
बढ़ते प्रसार को खत्म करने के लिए WHO की निर्देश
बता दें कि इस वायरस के बढ़ते प्रसार को देखते हुए WHO ने कुछ सिफारिशें दी हैं। संगठन का कहना है कि इस वायरस को फैलने से रोकने के लिए अपनी पूरी बॉडी को मच्छरों से बचाने के लिए क्रीम या स्क्रीन जैल का इस्तेमाल करें। साथ ही अपने घरों में मच्छरों को घुसने से रोकने के लिए साफ-सफाई का ध्यान रखने के अलावा, दरवाजों पर जाल लगाएं। वहीं, प्रेग्नेंट महिलाओं को इस वायरस से बचने से सेक्सुअल एक्टिविटी से बचने या सेफ रिलेशन बनाने की सलाह दी।

जानें क्या है जीका वायरस?
जीका वायरस के बारे में बात करें, तो यह मच्छरों से फैलता है। यह एडीज मच्छर और स्पेशली एडीज एजिप्टी द्वारा फैलता है, जो रात को ज्यादा एक्टिव होते हैं। यह वायरस यौन संपर्क से भी फैल सकता है। हालांकि, ज्यादातर लोग इस वायरस से गंभीर रूप से बीमार नहीं होते हैं और थोड़े इलाज से ही ठीक हो जाते हैं, लेकिन प्रेग्नेंट महिलाओं के लिए यह खतरा बन सकता है। यह मां से भ्रूण में फैल सकता है।इसकी वजह से गर्भवती महिलाओं में माइक्रोसेफली (एक ऐसी स्थिति जहाँ बच्चे का सिर सामान्य से छोटा होता है) हो सकता है।
जीका वायरस के लक्षण
बुखार होना
स्किन पर दाने होना
जोड़ों में दर्द का होना
आंखों का लाल हो जाना
शरीर पर चकत्ते, सिरदर्द
जीका वायरस 2015-2016 में अस्तित्व में आया था, जिसके बढ़के खतरे को देखते हुए लोगों को मच्छरों से सुरक्षा के लिए जागरुक किया गया था। साथ ही यह भी सुझाव दिए गए थे कि मच्छरों की आबादी को कैसे कम किया जा सकता है।

जीका वायरस से बचाव के उपाय
जीका वायरस से बचने के उपायों के बारे में बात करें, तो सबसे पहले ऐसा उपाय करना चाहिए कि मच्छर आपके घर के अंदर न आ सकें। इसके लिए आप अपने दरवाजों और खिड़कियों पर बारी जाली लगवा सकते हैं। अपने घरों में समय-समय पर कीटनाशक छिड़क सकते हैं। इसके अलावा, अगर आप बाहर जाते हैं तो बाहर निकलने से पहले ध्यान रखें कि आपकी बॉडी में ऐसा लोशन या क्रीम लगी हो, जो मच्छरों से आपको बचा सके। इसके अलावा, आप कपड़ों को चुनाव ठीक से कर सकते हैं। इसके लिए जब भी घर से बाहर निकलें, तो फुल स्लीव्स और फुल पैंट जैसे कपड़े ही पहनकर बाहर जाएं, इससे आप मच्छरों से खुद को बचाए रखेंगे। बच्चों को हाथ, पैरों में कोई अच्छा ऑइनमेंट ज़रूर लगाकर रखें।