Chocolate Side Effects For Kids: बच्चों को चॉकलेट खाना काफी पसंद होता है। कई बार मां-बाप खुद लाड़-प्यार में बच्चों को चॉकलेट खिलाते हैं। कई बार बच्चों से अपनी बात मनवाने के लिए पैरेंट्स बच्चों को चॉकलेट का लालच दे देते हैं। हालांकि, ऐसा करना बच्चों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। दरअसल, इससे दांत खराब हो सकते हैं, बच्चों का पाचन खराब हो सकता है, साथ ही उन्हें नींद न आने की समस्या भी हो सकती है। अगर बच्चों को सोने से पहले दी जाए, तो यह और नुकसानदायक साबित हो सकती है।
इस आर्टिकल में हम आपको यही बताने जा रहे हैं कि सोने से पहले यदि बच्चों को चॉकलेट खाने को दी जाए, तो इससे उन्हें क्या नुकसान हो सकते हैं। तो चलिए आपको बताते हैं-
खराब हो सकते हैं दांत
ये तो सभी जानते हैं कि सोने से पहले मीठा खाने से दांत खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। तो अगर आप बच्चों को सोने से पहले चॉकलेट खिलाते हैं, तो इससे दांतों में कैविटी हो सकती है, जिससे दांत कमजोर होने लगते हैं। ऐसे में दांत समय से पहले कमजोर होकर गिरने लगते हैं। तो बच्चों को ज्यादा मीठा न खिलाएं।

नींद आने में हो सकती है समस्या
चॉकलेट में कैफीन की बहुत अधिक मात्रा होती है, जो एक उत्तेजित पदार्थ होता है। इससे नींद न आने की समस्या हो सकती है। तो अगर आप अपने बच्चे को सोने से पहले चॉकलेट खिलाते हैं, तो यह उसकी नींद में खलल डाल सकता है।
खाने से जी चुराना
चॉकलेट खाने से बच्चे को पेट भरा हुआ लग सकता है, जिसकी वजह से वह खाने से जी चुरा सकता है। ऐसा करना बच्चे के ओवरऑल विकास के लिए बहुत नुकसानदायक साबित हो सकता है। ऐसे में बच्चे को ज्यादा चॉकलेट देने से बचना ही बेहतर होगा।
बच्चे का बदल सकता है व्यवहार
आप जानकर हैरान होंगे कि बच्चों को ज्यादा चॉकलेट खिलाने से उसके व्यवहार में भी बदलाव आ सकता है। दरअसल, चॉकलेट में पाया जाने वाला कैफीन एक उत्तेजित पदार्थ होता है, जो बच्चों की नींद को भगाकर उनमें एनर्जी जगा सकता है। ऐसा होने से बच्चा रात को नींद न आने की वजह से चिड़चिड़ा भी हो सकता है, जो सही नहीं होता है।

मोटापे की समस्या
अलग-अलग चॉकलेट में शुगर की मात्रा भी कम ज्यादा होती है। बच्चों को मीठी चॉकलेट ही पसंद आती है। जबकि ज्यादा शुगर वाली चॉकलेट सेहत के लिए सही नहीं होती है। इससे बच्चे का वजन बढ़ सकताहै। अगर बचपन में वजन बढ़ने लगे, तो बच्चे की सेहत के लिहाज से यह सही नहीं होता है।
इसके अलावा, बच्चे को सीने में जलन, एसिडिटी और ब्लड शुगर लेवल के बढ़ने का खतरा भी हो सकता है। यह बच्चे के स्वास्थ्य के लिए बिल्कुल भी ठीक नहीं होता है। ऐसे में कोशिश करें कि बच्चों को ज्यादा चॉकलेट न खिलाएं, अन्यथा बच्चे की हेल्थ के साथ समझौता करना पड़ सकता है।
Also Read: बच्चों को सर्दियों में ज़रूर दें चॉकलेट चिक्की, जानें रेसिपी: Chocolate Chikki