Drinks For Hemoglobin: आयरन शरीर के लिए बेहद जरूरी होता है, क्योंकि इसकी कमी से शरीर में हीमोग्लोबिन या सीधी भाषा में कहें, तो खून की कमी हो जाती है। वहीं, शरीर में खून की कमी होने पर व्यक्ति किसी भी बीमारी की चपेट में आसानी से आ जाता है। ऐसे में रोगों से बचे रहने के लिए शरीर में पर्याप्त मात्रा में हीमोग्लोबिन होना चाहिए, जिसके लिए आयरन जरूरी होता है। डॉक्टर्स के मुताबिक, हर वयस्क व्यक्ति को दिन में 1.8 मिग्रा आयरन का सेवन करना चाहिए।
बता दें कि अगर शरीर में आयरन की कमी हो जाए, तो इससे एनीमिया की समस्या हो सकती है। महिलाओं में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है, क्योंकि उन्हें हर महीने पीरियड्स भी आते हैं। ऐसे में शरीर में खून की कमी को पूरा करने के लिए कुछ हेल्दी चीजों का सेवन किया जा सकता है। यहां हम आपको उन्हीं ड्रिंक्स के बारे में बताने जा रहे हैं, जिनके सेवन से आप खून की कमी को पूरा कर सकते हैं।

चुकंदर का रस
चुकंदर का रस अनार के जूस से भी ज्यादा फायदेमंद होता है। अगर किसी में खून की कमी है, तो उसे रोजाना एक गिलास चुकंदर का रस पीना चाहिए। इससे बहुत जल्दी खून की कमी की पूर्ति होती है। दरअसल, चुकंदर में फोलेट, मैंगनीज, पोटेशियम, आयरन, बीटेन और विटामिन -सी सहित कई पोषक तत्व मौजूद होते हैं, जो हेल्थ के लिए बहुत जरूरी होते हैं। इसका रस बनाने के लिए आप इसके साथ आवंला, गाजर, अदरक और नींबू का भी इस्तेमाल कर सकते हैं।

हलीम ड्रिंक
हलीम को गार्डन क्रेस सीड्स भी कहते हैं। इसमें पर्याप्त मात्रा में आयरन होता है। इसके अलावा, यह फोलिक एसिड, विटामिन सी, ए और ई फाइबर, कैल्शियम और प्रोटीन से भी भरपूर होती है। इसका रस बनाने के लिए एक बड़े चम्मच हलीम के साथ नींबू का रास और आधा गिलास पानी मिलाएं। अब इस पानी को ढंककर दो घंटे के लिए रख दें। अब आपकी ड्रिंक तैयार है, जिसे आप पी सकते हैं।
पालक और पुदीने का रस
पालक को आयरन का बढ़िया सोर्स माना गया है। जिस व्यक्ति में आयरन की कमी होती है, वह पालक का जूस ही नहीं, बल्कि इसे सलाद और सब्जी के रूप में भी खा सकते हैं। इसमें आयरन, विटामिन ए और सी जैसे कई अन्य पोषक तत्व होते हैं। इसके रस को बनाने के लिए पालक को पहले बारीक काट लें फिर इसमें पुदीना मिलाएं और मिक्सी में पीस लें। अब एक गिलास पानी में मिलाकर इस रस को छान लें और काला नमक व नींबू डालकर पिएं।

मिक्स सब्जी का रस
खून की कमी की पूर्ति के लिए आप मिक्स सब्जियों के रस को भी पी सकते हैं। इससे न केवल शरीर में आयरन की पूर्ति होगी, बल्कि सभी सब्जियों में मौजूद अन्य पोषक तत्व भी प्राप्त होंगे। इस रस को बनाने के लिए आप सब्जी को उबालकर भी उनका रस निकाल सकते हैं, नहीं तो उन्हें पानी के साथ मिक्सी में डालकर भी उनका रस बना सकते हैं।
Also Read: प्रेगनेंसी में भी ख़ूबसूरती बरकरार रखने के लिए ऐसे करें स्किन केयर: Skin Care in pregnancy