Flax Seeds Boost Brain Health: अलसी के बीज सेहत के लिए काफी फायदेमंद होते हैं। यदि रोज इनका सेवन किया जाए, तो इससे न केवल पाचन बेहतर होता है, बल्कि यह दिमाग को तेज करने में भी कारगर होते हैं। अलसी के बीज पोषक तत्वों का पावरहाउस होते हैं, जिनमें फाइबर और प्रोटीन भरपूर मात्रा में होते हैं। इसके अलावा, इनमें कॉपर, मैग्नीशियम और जिंक जैसे मिनरल्स भी अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। वहीं, जो लोग ओमेगा-3 पाने के लिए किसी वेज आइटम की तलाश में हैं, उनके लिए भी यह अच्छा सोर्स हैं।
इस आर्टिकल मे हम आपको अलसी में पाए जाने वाले गुणों और इसके सेवन से होने वाले फायदों के बारे में बताने जा रहे हैं। साथ ही बताएंगे कि किन लोगों को असली के बीजों का सेवन नहीं करना चाहिए, तो आइए जानते हैं-
अलसी के बीज में पाए जाने वाले मिनरल्स
अलसी के बीज मिनरल्स का पावर हाउस है, जिसमें प्रोटीन, फाइबर, ओमेगा-3 फैटी एसिड और लिगनेन बहुत अच्छी मात्रा में पाए जाते हैं। इनके अलावा, इसमें मैग्नीशियम, आयरन और मैंगनीज जैसे मिनरल्स भी होते हैं। इसमें विटामिन B1 और B6 भी प्रचुर मात्रा में मौजूद होते हैं।
सेहत के लिए अलसी के फायदे
अलसी के बीज के सेवन से सेहत को कई फायदे मिलते हैं, जो इस प्रकार हैं-
ब्लड प्रेशर को करें कंट्रोल
अलसी के बीज में मैग्नीशियम प्रचुर मात्रा में होता है, जिससे ब्लड प्रेशर कंट्रोल में रहता है। जिन लोगों को हाइपरटेंशन की समस्या होती है, उनके लिए यह बहुत फायदेमंद होता है। तो अगर आपको भी बीपी की समस्या रहती है, तो रोज सुबह करीब 7 ग्राम अलसी के बीज का सेवन करें, बहुत फायदा मिलेगा।

हड्डियों को बनाए मजबूत
अगर आपको हड्डियों की कमजोरी महसूस हो रही है, तो भी आप असली के बीज का सेवन कर सकते हैं। दरअसल, अलसी के बीजों में फास्फोरस अच्छी मात्रा में मौजूद होता है, जिससे हड्डियां मजबूत होती हैं।
पाचन को बनाए बेहतर
जिन लोगों की पाचन शक्ति कमजोर होती है, उनके लिए भी अलसी के बीज काफी फायदेमंद होते हैं। दरअसल, अलसी में भरपूर मात्रा में फाइबर होता है, जो मेटाबॉलिज्म को बेहतर करता है। इससे पाचन अच्छा होता है। इसके लिए रोज रात को एक गिलास दूध के साथ 7 ग्राम अलसी के बीजों का सेवन करें, सुबह पेट अच्छे से साफ होने में मदद मिलेगी। रोटी के आटे में भी इन बीजों को पीसकर मिला सकते हैं।
हार्ट हेल्थ में करे सुधार
जिन लोगों को हार्ट प्रॉब्लम होती है, उनके लिए भी अलसी बेहद असरदार होती है। दरअसल, इससे कोलेस्ट्रॉल का लेवल कंट्रोल में रहता है, जो दिल के स्वास्थ्य के बेहतर होता है। तो अगर आपको भी इस तरह की समस्या होती है, या आप बढ़े हुए कोलेस्ट्रॉल से परेशान हैं, तो आप अलसी के बीज का सेवन कर सकते हैं।
डायबिटीज के मरीज़ों के लिए है औषधी
जिन लोगों को डायबिटीज है उनके लिये अलसी के बीज दवाई से कम नहीं हैं। अगर आप सुबह उठकर एक चम्मच अलसी के बीज लेकर पानी पी लें इससे आपका शुगर लेवल बिलकुल कंट्रोल में रहेगा।

किन लोगों को नहीं करना चाहिए अलसी का सेवन
जो महिलाएं प्रेग्नेंट होती हैं या बच्चों को ब्रेस्टफीडिंग कराती हैं, उन्हें अलसी के बीजों का सेवन नहीं करना चाहिए। दरअसल, इसके सेवन से महिलाओं में हार्मोनल डिस्बैलेंस हो सकता है, जो मां और बच्चे दोनों के लिए खतरनाक साबित हो सकता है। इसके अलावा, ज्यादा अलसी का सेवन भी नुकसानदायक हो सकता है। इससे पेट में दर्द, गैस और सूजन की समस्या हो सकती है। इसलिए एक दिन में सिर्फ एक चम्मच अलसी के बीजों का ही सेवन करें, फायदेमंद होगा। आप चाहें तो अलसी के बीज या फिर पिसी हुई अलसी का इस्तेमाल कर सकते हैं।
Also Read: सर्दियों में इम्यूनिटी बढ़ाने के लिए इन 5 बीजों का करें सेवन: Immunity boosting seeds