Munakka Benefits: सर्दियों के मौसम में सर्दी-खांसी बहुत जल्दी हो जाती है। ऐसे में इन सभी मौसमी समस्याओं से बचने के लिए डाइट में ऐसी चीजों को शामिल करना चाहिए, जिनकी तासीर गर्म हो। इससे शरीर को गर्माहट मिलती रहती है। इसके अलावा, बिजी शेड्यूल के चलते भी लोग अपनी सेहत का ध्यान नहीं रख पाते हैं, जिससे इम्यूनिटी कमजोर हो जाती है और वायरल बीमारी झट से हो जाती है। इसलिए हम आपको एक ऐसी चीज के बारे में बताने जा रहे हैं, जो सेहत के लिए काफी फायदेमंद होती है।
दरअसल, हम बात कर रहे है मुनक्का की, जो पानी की पूर्ति करने के लिए जानी जाती हैं। जिन लोगों में पानी की कमी आ जाती है, उनके लिए मुनक्का का सेवन फायदेमंद होता है। सर्दियों में पानी बहुत कम पिया जाता है, जिसकी वजह से शरीर में खुष्की आ जाती है। ऐसे में अगर मुनक्का का सेवन किया जाए, तो ये खुष्की दूर हो जाती है। बता दें कि मुनक्का फाइबर, जिंक, फॉस्फोरस, आयरन, मैग्नीशियम, कैल्शियम और पोटेशियम जैसे मिनरल्स से भरपूर होती है। ऐसे में अगर रोज 5 मुनक्का पानी में भिगोकर खाए जाएं, तो ये काफी फायदेमंद होते हैं।
मुनक्का खाने के फायदे
एनीमिया को करे दूर
मुनक्का आयरन से भरपूर होती है, ऐसे में जिन लोगों में एनीमिया की समस्या है, तो उनके लिए मुनक्का का सेवन फायदेमंद होता है। अगर आपने में खून की कमी की समस्या है, तो आप रोज रात को 5 मुनक्का भिगोकर रखें और सुबह दूध के साथ या ऐसे ही खा लें। इससे आपको काफी फायदा मिलेगा।

कब्ज से दिलाए छुटकारा
जिन लोगों को पेट न साफ होने और कब्ज की शिकायत रहती है, उनके लिए भी मुनक्का लाभकारी होती है। दरअसल, इसमें फाइबर की अच्छी मात्रा होती है। ऐसे में अगर मुनक्का का नियमित रूप से सेवन किया जाए, तो आपकी पेट साफ न होने की समस्या दूर हो सकती है।
हड्डियों को बनाए मजबूत
रोज 5 मुनक्का खाने से आपकी हड्डियों को भी मजबूत बनाया जा सकता है, क्योंकि मुनक्का में कैल्शियम की भी भरपूर मात्रा होती है। 100 ग्राम मुनक्का में लगभग 62 एमजी कैल्शियम होता है, जो आपकी बोन्स को मजबूत बनाने में कारगर सिद्ध हो सकता है।
शरीर को फ्री-रेडिकल्स से बचाए
फ्री-रेडिकल्स काफी खतरनाक होते हैं। दरअसल, ये कैंसर का कारण तक बन सकते हैं। मुनक्का बॉडी को फ्री-रेडिकल्स से बचाने में भी मददगार होते हैं, क्योंकि इसमें एंटीऑक्सीडेंट्स पाए जाते हैं। इसलिए, सर्दियों में भी फिट और हेल्दी रहने के लिए विटामिन्स और मिनरल्स से भरपूर मुनक्का का सेवन किया जाना चाहिए।

आंखों की रोशनी करे तेज
आजकल ज्यादातर काम लैपटॉप या कंप्यूटर पर होते हैं। इसके अलावा, मोबाइल फोन का इस्तेमाल भी ज्यादा हो गया है। ऐसे में आंखों की रोशनी पर बुरा असर पड़ता है। ऐसे में अगर रोजाना मुनक्का का सेवन किया जाए, तो यह आंखों की रोशनी को बनाए रखने में भी लाभकारी होती है।
मुनक्का खाने के अन्य फायदे
आपको जानकर हैरानी होगी कि फाइबर से भरपूर मुनक्का खाने से पाचन शक्ति अच्छी होती है, गैस-कब्ज की समस्या दूर होती है, इम्यूनिटी अच्छी होती है और ये बालों के लिए भी अच्छी होती है।
Also Read: सर्दियों में इम्युनिटी बढ़ाने के लिए घर में ही बनायें च्यवनप्राश: Chyawanprash Recipe