Water Chestnuts Benefits: हिंदी फिल्म इंडस्ट्री की पॉपुलर एक्ट्रेस भाग्यश्री 50 पार की उम्र में भी अपनी खूबसूरती, हेल्थ और फिटनेस के लिए जानी जाती हैं। उनके इंस्टाग्राम पर हेल्थ को लेकर बनाए गए कई वीडियोज हैं। हाल ही में, भाग्यश्री ने एक इंस्टाग्राम रील में सिंघाड़े के कई फायदे शेयर किए। उन्होंने बताया कि सिंघाड़े अत्यधिक पौष्टिक होते हैं, भले ही इनमें कार्ब्स होते हैं। उनका ग्लाइसेमिक इंडेक्स कम होता है, जिसका अर्थ है कि कार्ब्स धीरे-धीरे टूटते हैं। भाग्यश्री बताती हैं कि सिंघाड़े ब्लड शुगर में अचानक वृद्धि को रोकने में मदद करते हैं। वे फाइबर, पोटेशियम, मैंगनीज, तांबा, बी 6, राइबोफ्लेविन और एंटीऑक्सिडेंट से भी भरपूर होते हैं।
ऐसे में यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि सिंघाड़े को अपनी डेली डाइट का हिस्सा बनाने के क्या हेल्थ बेनिफिट्स हैं।
सूजन-रोधी गुणों से है भरपूर
इस बारे में डाइटीशियन कहते हैं कि यह वास्तव में सब्जियों की श्रेणी में आता है, विशेष रूप से एक पानी वाली सब्जी। पोषण मूल्य की बात की जाए, तो यह 100 ग्राम सिंघाड़ा लगभग 27 ग्राम कार्बोहाइड्रेट प्रदान करता है। इसमें बहुत अधिक प्रोटीन नहीं होता है, लेकिन इसमें विटामिन सी और कैल्शियम की अच्छी मात्रा होती है और यह पोटेशियम से भरपूर होता है, जिसमें प्रति 100 ग्राम में लगभग 500 मिलीग्राम होता है। इसमें फाइबर की मात्रा अधिक होती है और इसमें सूजन-रोधी और एंटीऑक्सीडेंट गुण होते हैं।
वजन कम करने में मददगार
सिंघाड़े में कैलोरी कम होती है, फिर भी विटामिन बी 6, पोटेशियम और मैंगनीज सहित आवश्यक पोषक तत्व भरपूर होते हैं, जो मेटाबॉलिज्म और इम्यूनिटी को बढ़ाते हैं। यह फाइबर से भरपूर होता है, जिसकी वजह से यह वजन को कंट्रोल करने में भी मददगार होते हैं। सिंघाड़े का सेवन पोटेशियम के प्रचुर मात्रा में होने की वजह से हार्ट हेल्थ को सपोर्ट करते हैं, जो ब्लड प्रेशर को कंट्रोल करने में मदद कर सकता है।
दिल के लिए है फायदेमंद
सिंघाड़ा हार्ट पेशेंट्स के लिए काफी फायदेमंद होता है। दरअसल, यह पोटेशियम से भरपूर होता है, जो हार्ट बीट को सपोर्ट करता है, जबकि इसमें मौजूद तांबा और कैल्शियम मेटाबॉलिज्म और इम्यूनिटी बढ़ाती है।
सिंघाड़े का कैसे करें सेवन
सिंघाड़े को दिन में 100 ग्राम खाया जा सकता है। उन्हें आप उबालकर या कच्चा भी खा सकते हैं। इसके अलावा, आप सिंघाड़े का सूप या सलाद भी बना सकते हैं। यह हर तरह से हेल्थ के लिए अच्छा होता है, तो जैसे आपको ठीक लगे आप इसका सेवन कर सकते हैं।
Also Read: बीमारियों से रहना है दूर, तो आज ही खाना शुरू कर दें कद्दू के बीज: Pumpkin Seed Benefits